अपराधताजा ख़बरेंबिहारब्रेकिंग न्यूज़मधुबनी

बिहार के मधुबनी में सामूहिक हत्याकांड में दूसरे दिन भी आरोपित की घर की कुर्की

TEAM INDEPENDENT BIHAR NEWS-मधुबनी। बेनीपट्टी थाना के महमदपुर गांव में होली के दिन हुए सामुहिक हत्याकांड मामले के मुख्य आरोपित प्रवीण झा व नवीन झा के घर कुर्की की कार्रवाई सोमवार को दूसरे दिन भी जारी रही। भारी संख्या में पुलिस बल के जवानों ने मजिस्ट्रेट संजीत कुमार की उपस्थिति में मुख्य आरोपितों के घर कुर्की जब्ती की। सामुहिक हत्याकांड में आरोपित द्वारा सरेंडर नहीं किए जाने पर न्यायालय के आदेश से पहले इश्तेहार चिपकाया गया, फिर कुर्की की कार्रवाई की गई है। जेसीबी मशीन से मुख्य आरोपित के घर के आगे खड़ी कार को थाना लाया गया है। घर के चौकठ, किवाड़, खिड़की, ग्रील, पेटी बक्सा सहित अन्य सामानों को भी पुलिस ने जब्त कर थाना लाया।

सामुहिक हत्याकांड के आरोपितों द्वारा सरेंडर नहीं किए जाने से पुलिस काफी सख्ती बरत रही है। मुख्य आरोपितों के घर कुर्की की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रही। घर से तीन ट्रेक्टर पर लाद कर सामान थाना लाया गया है। डीएसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश से आत्मसमर्पण नहीं करने वाले आरोपित के घरों की कुर्की की जा रही है।

कुर्की के बाद अचल सम्पत्ति को भी जब्त किया जाएगा। सीओ से फरार आरोपित के अचल संपत्ति का ब्यौरा मांगा गया है। फरार अपराधी की अचल संपत्ति जब्त करने के लिए न्यायालय से अनुरोध किया जाएगा। पुलिस न्यायालय के आदेश से दस आरोपितों के घर कुर्की कर रही है। टीम बनाकर मधुबनी, दरभंगा, सीतामढ़ी, समस्तीपुर में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस हर हाल में आरोपितों को गिरफ्तार करने में जुटी है।मौके पर पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार, प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष राकेश कुमार रंजन, अड़ेर के थानाध्यक्ष राजकिशोर कुमार, मधवापुर के थानाध्यक्ष गया सिंह, साहरघाट के थानाध्यक्ष सुरेन्द्र पासवान, पतौना के थानाध्यक्ष विजय पासवान, अनि मृत्युंजय कुमार, अनि सदन राम सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button
Close
INDEPENDENT BIHAR NEWS